{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Rao Inderjit Singh Statement on Aarti Rao: आरती राव के मुख्यमंत्री पद के नारों पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का बड़ा बयान, कही यह बात

आरती राव के सीएम पद के नारों पर राव इंद्रजीत सिंह का बयान सामने आया। हांसी में शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा का हुआ अनावरण।
 

हांसी: स्वास्थ्य मंत्री आरती राव हाल ही में महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों के दौरे पर रही. इस दौरान उनकी जनसभाओं में भावी मुख्यमंत्री के नारे लगे. इस पर उनके पिता और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आरती राव पहली बार विधायक बनी हैं. पहली बार पार्टी ने उन्हें मंत्री की जिम्मेदारी दी है. मुख्यमंत्री का चयन पार्टी नेतृत्व करता है. ये पार्टी नेतृत्व जो निर्णय करेगा, जो पार्टी का फैसला होगा, उसे सभी को स्वीकार करना होगा. भविष्य में क्या होगा, इसके लिए पार्टी के निर्णय का इंतजार करना होगा.

शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा का अनावरण: दरअसल शहीदी दिवस के अवसर पर बुधवार को हांसी में अमर शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा का अनावरण किया गया. दिल्ली रोड टी-पॉइंट पर नवनिर्मित शहीद राव तुलाराम चौक पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे. कार्यक्रम का आयोजन मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन राजपाल यादव की ओर से किया गया. स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मवीर सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.

'शहीदों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता': राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आज गौरव का दिन है. शहीदों की धरती हांसी में अमर शहीद राव तुलाराम के नाम पर चौक बनाया गया और उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है. उन्होंने कहा कि देश अपने शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता. राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि राव तुलाराम ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था. उनके संघर्ष और बलिदान से आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए. उन्होंने अहीरवाल समाज से एकजुट रहने का आह्वान भी किया.