Rewari ACB Raid: रेवाड़ी में ₹4500 रिश्वत लेते लाइसेंस क्लर्क अमरदीप रंगे हाथ गिरफ्तार
रेवाड़ी : भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए रेवाड़ी में लाइसेंस क्लर्क अमरदीप को 4500 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी को ड्यूटी टाइम खत्म होने के बाद करीब रात 8 बजे अनाज मंडी क्षेत्र में रिश्वत लेते हुए दबोचा गया।
4500 रुपए में तय हुआ सौदा
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी के छिपड़वाड़ा मोहल्ला निवासी गौरव ने एसीबी को शिकायत दी थी कि लाइसेंस संबंधी कार्य के बदले क्लर्क अमरदीप द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने पहले 4700 रुपए रिश्वत मांगी थी, जिसके बाद दोनों के बीच 4500 रुपए में सौदा तय हुआ। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही अमरदीप ने पैसे लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों काबू कर लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर जरूरी जांच और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी पूरी की।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है। एसीबी यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं। गौरतलब है कि एसीबी की यह लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई है। इससे एक दिन पहले भी एसीबी ने रिश्वत लेने के आरोप में होमगार्ड के कंपनी कमांडर को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही कार्रवाइयों से सरकारी विभागों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।