{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रेवाड़ी में रेलवे ट्रैक पर मिला 30 वर्षीय युवक का शव, नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया

रेवाड़ी-अलवर रेलमार्ग पर बावल-अजरका सीमा के समीप रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का शव। जीआरपी ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
 

रेवाड़ी : रेवाड़ी-अलवर रेलमार्ग पर बावल-अजरका सीमा के समीप सोमवार तड़के एक अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया।

जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर कृष्ण ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 3:40 बजे अजरका रेलवे स्टेशन से सूचना मिली थी कि बावल-अजरका सीमा पर हरियाणा की ओर स्थित पेट्रोल पंप के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के गांवों में मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष, कद लगभग 5 फुट 7 इंच, रंग सांवला तथा चेहरा लंबोतरा है। उसने पैरों में हवाई चप्पल पहन रखी थी। 

सब-इंस्पेक्टर कृष्ण ने बताया कि शव को पहचान के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। यदि निर्धारित समय तक मृतक की पहचान नहीं हो पाती है तो नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में मामला किसी अज्ञात ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या किए जाने की आशंका से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।