{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Rewari Bawal Factory Fire News: रेवाड़ी के बावल सेक्टर-3 में दो कंपनियों में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

रेवाड़ी के बावल सेक्टर-3 में इनवर्टर बैटरी और फुटवियर कंपनी में लगी भीषण आग। 100 से अधिक फायर गाड़ियों ने पाया काबू, करोड़ों का नुकसान।
 

रेवाड़ी: रेवाड़ी के बावल सेक्टर-3 में देर रात स्मार्ट स्पेस सॉल्यूशन कंपनी में अचानक आग लग गई. कंपनी में इनवर्टर बैटरी चार्जिंग का काम होता है. आग लगते ही कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई. खास बात यह है कि घटना के समय कंपनी में नाइट शिफ्ट नहीं चल रही थी. वरना कईयों की जान जा सकती थी. मौके पर सिक्योरिटी गार्ड समेत दो-तीन कर्मचारी मौजूद थे. उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका.

दो घंटे बाद दूसरी कंपनी भी चपेट में: वहीं, करीब दो घंटे बाद आग ने पास स्थित गुरु कृपा फुटवियर कंपनी को भी अपनी चपेट में ले लिया. यहां चप्पल कटाई का काम होता है. कंपनी में भी रात के समय काम बंद था, लेकिन केमिकल और रबड़ के कारण आग तेजी से फैल गई.

100 से ज्यादा फायर गाड़ियों ने संभाला मोर्चा: इधर, आग की सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. धारूहेड़ा, भिवाड़ी, बावल और रेवाड़ी से करीब 100 फायर गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया. कई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह आग पर काबू पाया गया. आग इतनी भीषण थी कि दोनों कंपनियों का अधिकांश सामान और ढांचा जलकर राख हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों कंपनियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है. हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही सामने आएगा.

जांच में जुटी पुलिस: इस बारे में बावल थाना प्रभारी रणबीर सिंह ने कहा कि, "देर रात बावल सेक्टर-3 में दो कंपनियों में आग लगने की सूचना मिली थी. टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सुबह आग पर काबू पाया गया. दोनों कंपनियां पूरी तरह जल गई हैं, लेकिन किसी व्यक्ति की जान नहीं गई. मामले की जांच जारी है."

मई में भी हुआ था बड़ा अग्निकांड: बता दें कि जिले के बावल क्षेत्र में इससे पहले 19 मई 2026 को जीएलएस कंपनी में भीषण आग लगी थी. इस हादसे में चार श्रमिकों की जलकर मौत हो गई थी.