रेवाड़ी: धारूहेड़ा की पॉश सोसाइटी में 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने किया सुसाइड
हरियाणा के रेवाड़ी में 94 साल की महिला ने अकेलेपन से परेशान होकर आत्महत्या की। मृतका के बेटे रिटायर्ड IG और मार्केट कमेटी सचिव हैं। पुलिस ने दर्ज किया मामला।
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में चौंकाने वाला मामला सामने आया है. धारूहेड़ा की पॉश सोसाइटी में 94 साल की महिला ने सुसाइड कर लिया. परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग महिला घर पर अकेलापन महसूस कर रही थी. इस वजह से उसने घर पर आत्महत्या कर ली. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रेवाड़ी में बुजुर्ग महिला ने की आत्महत्या: मिली जानकारी के अनुसार धारूहेड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला चंद्रो देवी आठ बच्चों की मां थी. बुजुर्ग महिला के एक बेटे प्रदेश में आईजी रैंक के अधिकारी रह चुके हैं. फिलहाल बुजुर्ग अपने छोटे बेटे विजय कुमार के घर में रह रही थी. विजय कुमार के मुताबिक "मैं गुरुग्राम के फरुखनगर स्थित मार्केट कमेटी में सेक्रेटरी हूं. रोजाना की तरह जब मैं अपनी मां को चाय देने गया, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला."
बाथरूम में मिला महिला का शव: विजय कुमार ने बताया कि "बड़ी मुश्किल से मैंने दरवाजा खोलकर देखा, तो मां चंद्रो देवी बाथरूम में मृत पड़ी थी. जिसके बाद मैंने सोसाइटी में ही रहने वाले अपने बड़े भाई को मौके पर बुलाया. अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया." सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्वजन के बयान दर्ज किए. परिजनों ने बताया कि वो खुद को कुछ दिनों से अकेला महसूस कर रही थी, जिसकी वजह से उन्होंने सुसाइड किया.
पुलिस मामले की जांच में जुटी: धारूहेड़ा थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया है कि एक सूचना मिली थी. पॉश सोसाइटी पार्श्वनाथ में 94 साल की बुजुर्ग महिला ने आत्महत्या कर ली. सूचना के बाद शव को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया और सामान्य कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.