Rewari Police: 14 साल से फरार ट्रक चोर गिरफ्तार, धारूहेड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी
धारूहेड़ा पुलिस ने ट्रक चोरी के 14 साल पुराने मामले में फरार भगोड़े आरोपी आजाद उर्फ अज्जी को किया गिरफ्तार। 2012 में घोषित हुआ था उद्घोषित अपराधी। जानें पूरी खबर।
रेवाड़ी : धारूहेड़ा थाना पुलिस ने ट्रक चोरी के एक पुराने मामले में करीब 14 साल से फरार चल रहे आखिरी उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी वर्षों तक अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा, लेकिन आखिरकार पुलिस के लंबे हाथ उसकी गिरेबान तक पहुंच ही गए और वह कानून के शिकंजे में आ गया।
पुलिस के अनुसार मामला 21 मार्च, 2009 का है। धारूहेड़ा थाना में FIR संख्या 67 भारतीय दंड संहिता की धारा 380 के तहत दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि एक घर के अंदर खड़ा महिंद्रा कंपनी का ट्रक (नंबर HR-36-8369) अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था। जांच के दौरान इस मामले के मुख्य आरोपी उमर दीन को पहले ही गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा चुका था। न्यायालय ने 8 जनवरी, 2014 को उसे दोषी करार देते हुए सजा सुनाई थी।
मामले का दूसरा और आखिरी आरोपी आजाद उर्फ अज्जी पुत्र इसाख, निवासी सखेपुर, जिला मेवात, गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की नजरों से बचने के लिए वह बार-बार ठिकाने बदलता रहा। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर अदालत ने 10 मई 2012 को उसे उद्घोषित अपराधी (भगोड़ा) घोषित कर दिया था। पुराने लंबित मामलों में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धारूहेड़ा पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की। लगातार जुटाई गई सूचनाओं, मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने 14 अप्रैल 2026 को आरोपी आजाद उर्फ अज्जी को धर दबोचा।
करीब 14 वर्षों की फरारी के बाद आखिरी आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने कहा कि अपराध से जुड़े किसी भी भगोड़े को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुराने मामलों में लंबित गिरफ्तारियों और उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।