{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रेवाड़ी: मकान कब्जे के विवाद में महिला पर फावड़े से हमला, वीडियो वायरल

रेवाड़ी के गांव गोठड़ा में मकान विवाद ने लिया हिंसक रूप। महिला पर फावड़े से हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। डहीना पुलिस चौकी मामले की जांच में जुटी।

 

रेवाड़ी :  जिले के गांव गोठड़ा में एक मकान पर कब्जे को लेकर दो गुटों के बीच चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। झगड़े के दौरान एक महिला पर फावड़े से हमला किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, संबंधित मकान को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है और मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए।

कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने महिला पर फावड़े से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला पर फावड़े से वार किया जा रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर डहीना पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की। पुलिस वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा मानकर उसकी सत्यता और घटना के क्रम की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला कोर्ट में होने के बावजूद कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।