{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रेवाड़ी GRP की बड़ी कामयाबी: संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 60 लाख की चोरी का खुलासा, 3 गिरफ्तार

रेवाड़ी रेलवे जंक्शन पर GRP ने संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में हुई 60 लाख की आभूषण चोरी के 3 आरोपियों को दबोचा। मेरठ के सुनार से 30 लाख के गहने बरामद। 5 दिन की रिमांड।

 

रेवाड़ी : संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक परिवार से करीब 60 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने के सनसनीखेज मामले में जीआरपी ने बड़ी सफलता हासिल की है। जीआरपी ने रेलवे जंक्शन के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से करीब 30 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं। साथ ही चोरी के गहने खरीदने वाले मेरठ निवासी सुनार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया है।

 GRP डीएसपी राजेश कुमार चेची ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 31 मार्च को दिल्ली निवासी सरिता राठी अपने परिवार के साथ नोखा से दिल्ली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान शातिर चोरों ने उनका पर्स चोरी कर लिया। पर्स में करीब 60 लाख रुपये के कीमती आभूषण रखे हुए थे। घटना के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 

जांच के दौरान पुलिस ने रेलवे जंक्शन के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा। उनकी पहचान रमेश त्यागी (54) निवासी गांव पैगम्बरपुर, थाना रेहड़, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल शिवराम पार्क, नांगलोई दिल्ली तथा प्रिंसपाल (29) निवासी गांव हिसावदा, थाना सिंधावली अहीर, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

 पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने उसी दिन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में एक अन्य महिला का पर्स भी चोरी किया था, जिसमें चार सोने की अंगूठियां और करीब 75 हजार रुपये के अन्य आभूषण थे। इस संबंध में भी अलग मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों ने चोरी किए गए गहनों का एक हिस्सा मेरठ के एक सुनार को बेच दिया था।

जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि बाकी गहनों की बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। 

डीएसपी राजेश कुमार चेची ने कहा कि यह कार्रवाई जीआरपी की सतर्कता और तेज जांच का नतीजा है। रिमांड के दौरान आरोपियों से ट्रेन में सक्रिय अन्य गिरोहों और चोरी की अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। इस खुलासे के बाद रेल यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है, वहीं शातिर चोरों में हड़कंप मचा हुआ है।