Rewari News: रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे पर स्कॉर्पियो और ट्रक की भीषण भिड़ंत। गांव बोडिया कमालपुर के एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौके पर मौत। जानें पुलिस की कार्रवाई और हादसे का कारण।
रेवाड़ी: रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे पर सोमवार तड़के करीब तीन बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग वाहन में ही फंस गए. दुर्घटना में पति-पत्नी और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने के बाद रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया.
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत: मृतकों की पहचान रेवाड़ी के गांव बोडिया कमालपुर निवासी करीब 35 वर्षीय बृजमोहन, उनके 70 वर्षीय पिता रतनलाल और बुजुर्ग मां के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था और अलसुबह नारनौल की तरफ से वापस गांव लौट रहा था. स्कॉर्पियो को बृजमोहन चला रहे थे. धामलावास के पास अचानक सामने आए ट्रक से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई.
तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन: हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शवों को बाहर निकालने में करीब तीन घंटे लग गए. इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया.
जांच में जुटी पुलिस: इस पूरे मामले में रामपुर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि, "सूचना मिली थी कि नारनौल रोड पर स्कॉर्पियो और ट्रक की टक्कर हुई है. मौके पर पहुंचने के बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत से शवों को बाहर निकाला गया. तीनों मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं. पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है. मामले की जांच की जा रही है."