Bodia Kamalpur Temple Firing: रेवाड़ी में मंदिर परिसर में दहशत फैलाने वाले बदमाश काबू, बोलेरो गाड़ी और अवैध हथियार बरामद
रेवाड़ी : गांव बोडिया कमालपुर के मंदिर में जन्माष्टमी समारोह के दौरान हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने और ग्रामीणों को धमकी देने के मामले में सीआईए रेवाड़ी ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद उर्फ सोनू, विकास उर्फ चिक्कू, संजीत उर्फ बचिया और धर्मेंद्र उर्फ शोले के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 4-5 सितंबर की रात मंदिर परिसर में जन्माष्टमी के तहत मटकी फोड़ कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। आरोप है कि चारों आरोपी सफेद रंग की बोलेरो में सवार होकर मंदिर पहुंचे। प्रमोद और विकास ने कथित तौर पर अवैध पिस्तौल से हवाई फायरिंग की। इसके बाद आरोपियों ने अगले दिन कार्यक्रम नहीं होने देने और बीच में आने वालों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
मंदिर कमेटी के सदस्य एवं पूर्व सैनिक अभय सिंह की शिकायत पर थाना सदर रेवाड़ी में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने जांच सीआईए रेवाड़ी प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार को सौंपी। सीआईए टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने धर्मेंद्र उर्फ शोले के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बोलेरो भी बरामद की। मंगलवार को पुलिस टीम आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर गई और निशानदेही कराई।
पुलिस के मुताबिक, प्रमोद उर्फ सोनू के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, पॉक्सो और आर्म्स एक्ट सहित आठ मामले दर्ज हैं। वहीं, विकास उर्फ चिक्कू के खिलाफ हत्या, छीना-झपटी, रंगदारी, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट सहित 16 मामले दर्ज हैं। संजीत के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने संजीत और धर्मेंद्र को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि मुख्य आरोपी प्रमोद और विकास को हथियारों की बरामदगी और पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।