रेवाड़ी: फसल निकालते समय थ्रैशर मशीन में फंसा किसान, दर्दनाक मौत से गांव में मातम
रेवाड़ी के खुर्शीद नगर में गेहूं निकालते समय 52 वर्षीय किसान यशपाल की थ्रैशर की चपेट में आने से मौत। परिजनों के सामने हुआ हादसा। पुलिस जांच में जुटी।
रेवाड़ी : रेवाड़ी के गांव खुर्शीद नगर में शुक्रवार देर शाम हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गेहूं की फसल निकालते समय थ्रैशर मशीन की चपेट में आने से 52 वर्षीय किसान यशपाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि परिजनों की आंखों के सामने ही सब कुछ खत्म हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यशपाल अपने खेत में गेहूं निकलवाने के लिए थ्रैशर मशीन लगवाए हुए थे। देर शाम पूरा परिवार खेत में काम में जुटा था। इसी दौरान यशपाल खुद मशीन पर चढ़कर फसल डाल रहे थे कि अचानक उनका हाथ मशीन में फंस गया। देखते ही देखते तेज रफ्तार थ्रैशर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और अंदर खींच लिया। मौके पर मौजूद परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सब कुछ खत्म हो चुका था। जब तक मशीन को बंद किया गया, तब तक यशपाल का शरीर कमर से ऊपर तक मशीन के अंदर जा चुका था।
मृतक का बेटा UP पुलिस में कार्यरत
इस दर्दनाक मंजर को देखकर परिजनों की चीख-पुकार गूंज उठी और गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक का बेटा उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही कोसली थाना पुलिस टीम के साथ थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। यह हादसा एक बार फिर खेतों में मशीनों के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही और जोखिम को उजागर करता है, जिसने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया।