Rewari CM Flying Raid: रेवाड़ी में कपड़ा रंगने वाली 2 फैक्ट्रियों पर सीएम फ्लाइंग का छापा, भारी गड़बड़ी
रेवाड़ी के कोसली में कपड़ा रंगने और धोने वाली 2 फैक्ट्रियों पर सीएम फ्लाइंग का छापा। बिना NOC केमिकल वाला जहरीला पानी बहाने पर नोटिस जारी।
रेवाड़ी : कोसली क्षेत्र में कपड़ा धोने और रंगने का काम करने वाली दो फैक्ट्रियों पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने संबंधित विभागों के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी कर जांच की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्रियों में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने से हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि दोनों फैक्ट्रियों में एनओसी, प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े दस्तावेजों और बिजली लोड संबंधी रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ियां हैं। इसके अलावा फैक्ट्रियों से केमिकल युक्त जहरीला पानी बाहर बहाए जाने का मामला भी सामने आया, जिससे क्षेत्र में पर्यावरण प्रदूषण फैलने की आशंका जताई जा रही है। रेड के समय फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारी आवश्यक वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर संबंधित विभागों ने दोनों फैक्ट्रियों को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी रिकॉर्ड और स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अन्य फैक्ट्री संचालकों में भी हड़कंप का माहौल बना हुआ है।