{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Life Imprisonment Wife Seema News 2026: रेवाड़ी के सुधराना हत्याकांड में बड़ा फैसला: पत्नी सीमा समेत 3 दोषियों को उम्रकैद और 60-60 हजार जुर्माना

रेवाड़ी के सुधराना में 2019 में हुए कोर्ट क्लर्क सुरेन्द्र कुमार हत्याकांड में पत्नी सीमा समेत 3 दोषियों को उम्रकैद और 60-60 हजार रुपये जुर्माने की सजा।
 

रेवाड़ी। रेवाड़ी के थाना कोसली क्षेत्र के गांव सुधराना में वर्ष 2019 में हुए सुरेन्द्र कुमार हत्याकांड में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रेवाड़ी अंकिता शर्मा की अदालत ने मामले में संलिप्त 3 दोषियों मृतक की पत्नी सीमा तथा उसके साथी अनिल व मनीष को दोषी करार देते हुए उम्रकैद और 60-60 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना न देने पर 4 महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

🕵️ अज्ञात हमलावरों की कहानी बताकर पुलिस को किया था गुमराह

जानकारी अनुसार 23 दिसंबर 2019 को थाना कोसली पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव सुधराना निवासी सुरेन्द्र कुमार (जो जिला नूंह की अदालत में क्लर्क थे) की मारपीट व चोटों के कारण मृत्यु हो गई है। प्रारंभिक बयान में मृतक की पत्नी सीमा ने बताया था कि 22 दिसंबर की रात पति सुरेन्द्र से रात करीब 11 बजे 3-4 अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट की और तेजधार हथियार से सिर पर वार किया।

🚔 आरोपी अनिल की गिरफ्तारी से खुली साजिश की परतें

जांच दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त एक आरोपी अनिल निवासी जींद को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी सीमा से जान-पहचान थी और वर्ष 2017 के बाद उसका सुधराना आना-जाना और रात में रुकना शुरू हो गया।

💰 2 लाख रुपये की सुपारी देकर की गई थी हत्या

दोनों ने सुरेन्द्र सिंह को रास्ते से हटाकर साथ रहने की योजना बनाई। योजना के तहत एक नाबालिग व एक आरोपी मनीष को 2 लाख रुपये देने की बात पर तैयार किया। 22 दिसंबर 2019 की रात तीनों ने मिलकर सुरेन्द्र सिंह की हत्या कर दी। पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाते हुए मामले में संलिप्त एक नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर 2 और आरोपी मनीष निवासी जींद तथा मुख्य साजिशकर्ता आरोपी सीमा यादव को गिरफ्तार कर लिया।