{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Rewari Fire News: रेवाड़ी के मॉडल टाउन में कपड़ों के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक; शीशे तोड़कर निकाला धुआं

रेवाड़ी के पॉश इलाके मॉडल टाउन में रविवार सुबह जूते और कपड़ों के गोदाम में भीषण आग लग गई। बेसमेंट से उठी लपटों ने लाखों का सामान राख कर दिया। दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू। धुएं के कारण कर्मचारियों को तोड़ने पड़े शीशे।

 

रेवाड़ी :  रेवाड़ी के मॉडल टाउन इलाके में रविवार सुबह करीब 10 बजे जूते और कपड़ों के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में शोबॉक्स के गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार, आग गोदाम के बेसमेंट में लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में घना धुआं भर गया। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने दमकल गाड़ियों पर चढ़कर गोदाम के शीशे पत्थरों से तोड़े, ताकि धुएं को बाहर निकाला जा सके। 

आग की तेज गर्मी के कारण छत पर लगी फैंसी सीलिंग टूटकर नीचे गिर गई। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानों और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने तुरंत गोदाम मालिक को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही गोदाम मालिक मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। 

दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर मॉडल टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस आगजनी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।