रेवाड़ी: आईटीआई पास युवक बना शातिर चोर, 12 बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा
रेवाड़ी पुलिस ने ब्रास मार्केट से बाइक चोरी करने वाले आरोपी हेमंत को दबोचा। आईटीआई पास आरोपी ने उगले 12 बाइक चोरी के राज, 9 बाइक बरामद। जानें पूरा मामला।
रेवाड़ी: थाना मॉडल टाउन पुलिस ने 22 अप्रैल को आईसीआईसीआई बैंक की ब्रास मार्केट शाखा के बाहर खड़ी बैंक कर्मचारी की बाइक चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाइक चोरी की 12 वारदातों को अंजाम देने के बारे में खुलासा किया है. आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है.
रेवाड़ी में बाइक चोर गिरफ्तार: राजस्थान के सीकर जिले के गांव करजो निवासी नीरज कुमार ने गत 22 अप्रैल को मॉडल टाउन थाना पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया था कि वो ब्रास मार्केट में आईसीआईसीआई बैंक शाखा में नौकरी करता है. सुबह के समय वो घर से बाइक लेकर बैंक शाखा आया था. उसने अपनी बाइक बैंक के बाहर खड़ी की थी. दोपहर के समय जब वो बैंक से बाहर आया तो उसे बाइक नहीं मिली. आसपास पूछताछ करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला. पुलिस ने उसकी शिकायत पर चोरी का केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू की थी.
पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया: पुलिस ने बाइक चोरी के मामले की जांच करते हुए पाडला निवासी हेमंत को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, तो उसने 12 बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की. इनमें से 9 बाइक मॉडल टाउन थाना क्षेत्र व सिटी थाना क्षेत्र की है. DSP सुरेंद्र श्योराण के मुताबिक आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है. रिमांड के दौरान उससे चोरी की शेष बाइकें बरामद करने के प्रयास किए जाएंगे.
नौकरी नहीं मिली, तो ITI पास युवक बना चोर: डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि "हेमंत आईटीआई पास करने के बाद रोजगार की तलाश कर रहा था. आर्थिक तंगी के चलते उसने पहले एक बाइक चोरी की. इसके बाद उसने एक के बाद एक बाइक चोरी की 12 वारदातों को अंजाम दिया. उसे 14 मई को चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया था. आरोपी के कब्जे से 9 बाइक बरामद हो चुकी हैं. अन्य बाइक बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं."