{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रेवाड़ी: रेलवे स्टेशन पर जीआरपी-आरपीएफ की कार्रवाई, 20 किलो डोडा पोस्त जब्त

रेवाड़ी रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर एक महिला और युवक को 20 किलो से ज्यादा डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया।

 

रेवाड़ी: रेवाड़ी रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक युवक को 20 किलो 674 ग्राम डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है. बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई: जीआरपी को सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर एक महिला और एक युवक ट्रॉली बैग के साथ बैठे हैं और उनके पास मादक पदार्थ हो सकता है. सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से 20 किलो 674 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

चित्तौड़गढ़ से पंजाब ले जाई जा रही थी खेप: जीआरपी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि, "पूछताछ में सामने आया कि बरामद डोडा पोस्त राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से पंजाब ले जाया जा रहा था. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है."

दोनों आरोपियों से अलग-अलग बरामदगी: जीआरपी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने आगे बताया कि, "पंजाब के मोगा निवासी गुरमीत सिंह के कब्जे से 12 किलो 240 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ, जबकि महिला आरोपी बलजीत कौर के पास से 8 किलो 434 ग्राम डोडा पोस्त मिला. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किसके लिए लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं."

रेवाड़ी जंक्शन पर बढ़ रही तस्करी : जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में जुलाई महीने के दौरान अब तक छह से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया जा चुका है. इसके बावजूद रेवाड़ी रेलवे जंक्शन नशा तस्करों के लिए अहम ट्रांजिट पॉइंट बनता दिखाई दे रहा है. रेलवे जंक्शन से देश के विभिन्न राज्यों के लिए ट्रेनों की आसान उपलब्धता के कारण तस्कर इसका इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में पुलिस के सामने नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना बड़ी चुनौती बनी हुई है.