{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रोहतक में 152-D पर भयानक हादसा, ट्रक से टकराई कार; नारनौल के 3 लोगों की मौत

रोहतक में 152-D एक्सप्रेसवे पर कलानौर के पास भीषण सड़क हादसे में कार सवार नारनौल निवासी 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

रोहतक: वीरवार की सुबह 152-D पर बड़ा सड़क हादसा हुआ. संतुलन बिगड़ने के बाद टाटा पंच कार ने आगे चल रहे ट्रक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार से परखच्चे उड़ गए. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. कलानौर के खरडी मोड़ पर ये घटनाक्रम हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भिजवाया. मरने वाले तीनों नारनौल के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

रोहतक में सड़क हादसा: मिली जानकारी के मुताबिक टाटा पंच में मनोज कुमार जैन अपने साथियों के साथ अंबाला से नारनौल जा रहा था. सुबह करीब पांच बजे खरड़ी मोड़ के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई में रखवाया. सूचना मिलते ही परिजन भी रोहतक पहुंच गए.

हादसे की जांच जारी: पुलिस अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि "डायल-112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी."