{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रोहतक: जेएलएन नहर में नहाते समय दो सगे भाई डूबे, एक का शव बरामद

रोहतक के बोहर गांव में जेएलएन नहर में नहाते समय दो सगे भाई डूब गए। 20 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बड़े भाई का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी है।

 

रोहतक : रोहतक जिले के बोहर गांव स्थित जेएलएन नहर में शनिवार को नहाने के दौरान दो सगे भाई डूब गए थे। वहीं बड़े भाई का शव करीब 20 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। दूसरे की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर 12 वर्षीय कुलदीप और उसका 10 वर्षीय छोटा भाई प्रदीप जेएलएन नहर की सीढ़ियों पर बैठकर नहा रहे थे। इसी दौरान प्रदीप का पैर फिसल गया और वह नहर में गिरकर तेज बहाव में बहने लगा। छोटे भाई को बचाने के लिए कुलदीप भी नहर में कूद गया,  इस दौरान दोनों भाई पानी के तेज बहाव में बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही  पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शनिवार शाम से ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।लगातार करीब 20 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने बड़े भाई का शव बरामद कर लिया। वहीं दूसरे बच्चे की तलाश अब भी जारी है। पुलिस ने बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।