{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Muskan Balhara Death Case Rohtak: मुस्कान मौत मामले में फरमाणा में हुई महापंचायत, शिकायतकर्ता ने थाने में दर्ज कराए बयान

रोहतक में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। पंचायत के बाद परिजनों ने पुलिस में बयान दिए।

 

रोहतक: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा (23) की मौत के मामले में पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो चुका है कि मुस्कान की मृत्यु आत्महत्या के कारण हुई थी। हालांकि, मुस्कान के दोनों हाथों और कंधे के पास पुरानी व हल्की चोटों के निशान पाए गए हैं, लेकिन ये निशान मारपीट के हैं या नहीं, यह रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मंगलवार दोपहर फरमाणा में दोनों गांवों की संयुक्त पंचायत हुई। दो घंटे चली पंचायत में बहुअकबरपुर गांव से गए प्रतिनिधियों ने मांग रखी कि आरोपी शीलू बल्हारा, भाई मनीष, पिता सुरेंद्र और मां निशा देवी के खिलाफ मुस्कान की तेरहवीं की रस्म तक पुलिस कार्रवाई न की जाए।

पहले केवल सुरेंद्र सिंह की गिरफ्तारी रुकवाने की मांग की गई थी। दो घंटे की बातचीत के बाद दोनों पक्ष का चारों आरोपियों शीलू बल्हारा, पिता सुरेंद्र, मां निशा व छोटे भाई मनीष की गिरफ्तारी रुकवाने पर सहमत हो गए। सहमति के बाद मुस्कान के पिता व केस में शिकायतकर्ता फरमाणा गांव निवासी सुखबीर उर्फ बिट्टू के साथ पंचायती बहुअकबरपुर थाने में पहुंचे और ई-साक्ष्य एप पर बयान दर्ज कराए।

पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित  का कहना है कि  पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ है कि मुस्कान ने आत्महत्या की है। अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। जरूरत पड़ने पर दोबारा बुलाकर पूछताछ करेंगे।