{"vars":{"id": "123258:4912"}}

कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की संदिग्ध मौत, शीलू और पिता समेत 3 पुलिस हिरासत में

रोहतक में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने शीलू और उसके पिता समेत 3 लोगों को हिरासत में लिया है। जानिए पूरी रिपोर्ट।

 

रोहतक : पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले  की जांच तेज़ कर दी है। पुलिस ने शिलू बल्हारा, उसके पिता समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिवार के बयानों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक सबूतों और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रविवार को दोनों पक्षों की हुई पंचायत भी किसी नतीजे पर नहीं पहुँच सकी। मुस्कान के पिता और शीलू के बीच लगभग 10 मिनट तक तीखी बहस हुई, जिसके बाद पंचायत ने समझौते या फ़ैसले के लिए 10 दिन का समय मांगा और मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की कोशिशें जारी रखने को कहा। वहीं, मुस्कान के मायके वालों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही मुस्कान को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर मुस्कान ने यह कदम उठाया। जबकि ससुराल वालों ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया।

बता दें कि मुस्कान की शादी 3 साल पहले अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा से हुई थी और मायके वालों का कहना है कि शादी के महज एक महीने बाद ही उसे परेशान किया जाने लगा था। उन्होंने खुलासा किया कि मौत से 20 दिन पहले भी मुस्कान के साथ उसके सास, ससुर और देवर ने जमकर मारपीट की थी।

मुस्कान के पिता सुखबीर के मुताबिक, मुस्कान ने खुद फोन कर उन्हें इस मारपीट के बारे में बताया था, लेकिन बातचीत के दौरान ही फोन कट गया और दोबारा संपर्क नहीं हो पाया। वहीं मुस्कान के पिता ने शीलू बल्हारा और उसके भाई मनीष पर गंभीर आरोप लगाते हुए अवैध संबंधों की बात भी कही है, जिसके सबूत अपने फोन में होने का दावा उन्होंने किया है।

यही नहीं, सुखबीर ने बताया कि शीलू के पिता ने उनकी सास को भी जान से मारने की धमकी दी थी और कहा था कि "मैं पहले भी दो लोगों को मार चुका हूं, मुझसे बचकर रहो, मैं बहुत बड़ा गुंडा हूं।" अब पिता के इन सनसनीखेज खुलासों के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है। पुलिस फिलहाल हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।