रोहतक: कलानौर थाने में ई-सबइंस्पेक्टर ने खुद को मारी गोली, मची अफरा-तफरी
रोहतक के कलानौर थाने में ई-सबइंस्पेक्टर कुलदीप ने सरकारी रिवॉल्वर से खुदकुशी की। झज्जर के डीघल निवासी कुलदीप ERV 594 पर थे तैनात। पुलिस विभाग में शोक की लहर।
रोहतक : रोहतक जिले के कलानौर पुलिस स्टेशन में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ई-सबइंस्पेक्टर ने अपनी ही सरकारी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ई-सबइंस्पेक्टर कुलदीप के रूप में हुई है, जो ERV 594 पर तैनात थे और EASI के पद पर कार्यरत थे। कुलदीप मूल रूप से झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले थे और फिलहाल रोहतक के कमला नगर, झज्जर चुंगी क्षेत्र में रह रहे थे।
बता दें कि कुलदीप सोमवार को कलानौर थाना में खाना खाने के लिए आए हुए थे। इसी दौरान वह थाना परिसर में नीचे एक किनारे चले गए, जहां उन्होंने अपनी सरकारी रिवाल्वर से खुद के सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। घटना के तुरंत बाद घायल अवस्था में कुलदीप को रोहतक के पीजीआई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में ई-सबइंस्पेक्टर ने इतना बड़ा कदम उठाया।
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। साथी पुलिसकर्मियों ने कुलदीप को एक मेहनती और जिम्मेदार अधिकारी बताया है। वहीं, परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।