{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रोहतक: नौकायन खिलाड़ी माया धनखड़ का अभ्यास के दौरान डूबने से निधन

रोहतक की उभरती नौकायन खिलाड़ी माया धनखड़ की तालाब में अभ्यास के दौरान डूबने से मौत। नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी थी माया। खेल जगत में शोक की लहर।

 

रोहतक : रोहतक के गांव करौंथा की बेटी और नौकायन की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी माया धनखड़ की सोमवार को अभ्यास दौरान तालाब में डूबने से मौत हो गई।

हाल ही में छत्तीसगढ़ के रायपुर में हुई नैशनल कयाकिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर लौटी माया आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रही थी। मैडल जीतने का सपना संजोए माया की अचानक मौत से खेल जगत और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। माया धनखड़ गांव के ही तालाब में रोजाना नौकायन का अभ्यास करती थी। 22 जून को भी वह अभ्यास के लिए तालाब में उतरी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों अनुसार तैराकी करते समय अचानक माया को हार्ट अटैक आया और वह गहरे पानी में चली गई। माया को डूबता देख आसपास मौजूद लोग तुरंत पानी में कूदे और उसे बाहर निकाला। लोगों ने सी.पी. आर. देने का प्रयास किया लेकिन माया ने दम तोड़ दिया था। सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।