रोहतक: मकान में लगी भीषण आग, सिलेंडर धमाके से गिरी छत; बच्चों ने बचाई जान
रोहतक के खोखराकोट में शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग। सिलेंडर धमाके से छत गिरी। सोते हुए बच्चों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा। पढ़ें पूरी खबर।
रोहतक: खोखराकोट क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. शॉर्ट सर्किट के कारण एक मकान में आग लग गई. उस समय मकान मालिक जयदीप और उनकी पत्नी घर से बाहर गए हुए थे, जबकि उनके तीन बच्चे घर के अंदर सो रहे थे. अचानक छोटे बेटे की आंख खुली तो उसने कमरे में धुआं फैलता देखा. उसने तुरंत अपनी बहन को जगाया और तीनों बच्चे बिना देर किए घर से बाहर निकल आए. उनकी सतर्कता की वजह से बड़ा हादसा टल गया.
एलपीजी सिलेंडर में धमाके से गिरी कमरे की छत: आग लगने के कुछ ही देर बाद घर में रखा एलपीजी सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गया. गैस लीक होने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे कमरे की छत गिर गई. धमाके के कारण आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा लगभग सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया.
तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने पाया आग पर काबू: घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के मकानों तक आग फैलने से रोक दिया. घटना के बाद मकान मालिक जयदीप भी मौके पर पहुंच गए.
फायर ब्रिगेड ने बताई धमाके की संभावित वजह: फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के अनुसार शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि एलपीजी सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण कमरे के अंदर वैक्यूम जैसी स्थिति बनी होगी. इसी वजह से धमाका इतना तेज हुआ कि कमरे की छत भी गिर गई. हालांकि आग लगने और धमाके के सही कारणों की जांच की जा रही है.
मकान मालिक बोले, सामान और नकदी सब जल गई: मकान मालिक जयदीप ने बताया कि "आग की वजह से घर में रखा घरेलू सामान, नकदी और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया." वहीं उनकी बेटी खुशी ने बताया कि "वह दोपहर में सो रही थी. छोटे भाई ने उसे जगाया तो पूरे कमरे में धुआं फैला हुआ था. इसके बाद तीनों बच्चे तुरंत घर से बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई."