{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रोहतक: फर्जी डिग्री और अवैध संचालन पर श्रीश्याम अस्पताल सील, जांच शुरू

रोहतक के लाखनमाजरा में श्रीश्याम मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल सील। फर्जी डिग्री, बिना NOC और अस्पताल चलाने की परमिशन न होने पर पुलिस और इकोनॉमिक सैल की बड़ी कार्रवाई।

 

रोहतक : लाखनमाजरा में इकोनॉमिक सैल और पुलिस की संयुक्त टीम ने श्रीश्याम मल्टी स्पैशलिटी अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल के पास एन.ओ.सी. और वैध डाक्यूमेंट न मिलने तथा डाक्टरों की डिग्री संदिग्ध पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने अस्पताल के संचालक को नोटिस दिया और आगामी कार्रवाई तक अस्पताल को बंद कर दिया गया है।

लाखनमाजरा थाना एस.एच.ओ. रविंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल को लेकर लगातार शिकायत मिल रही थी कि डाक्टरों के पास फर्जी डिग्री है जिस कारण मरीजों का इलाज सही से नहीं हो रहा। शिकायत के आधार पर इकोनॉमिक सैल ने छापेमारी की। इस दौरान टीम ने डाक्टरों से डिग्रियों के सबूत मांगे लेकिन डाक्टर अपनी डिग्री का एक भी सबूत पेश नहीं कर पाए। इससे आशंका है कि अस्पताल में फर्जी डॉक्टर काम कर रहे थे जिससे लोगों की जान को भी खतरा हो सकता है।

अस्पताल में मरीजों के लिए कई प्रकार की सुविधाएं दे रखी थीं जिसमें मरीजों के ऑप्रेशन से लेकर क्षय रोग विशेषज्ञ तक शामिल हैं लेकिन छापेमारी के दौरान टीम को किसी भी विभाग की एन. ओ. सी. नहीं मिली और न ही स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल चलाने की परमिशन मिली हुई थी। थाना इंचार्ज रविंद्र ने बताया कि अस्पताल के खिलाफ पहले भी एक केस दर्ज है। उस केस में अस्पताल ने एक जीवित व्यक्ति का 2 बार मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की थी। अब मिली अनियमितता के चलते अस्पताल को सील किया गया है।