{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रोहतक: पुलिस की रातभर रेड, शराब पीकर घूमने वाले 246 लोग हिरासत में

रोहतक पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। 246 लोग पकड़े गए और 137 कुल चालान किए गए।

 

रोहतक: हरियाणा की रोहतक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने व सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ रात भर विशेष अभियान चलाया. इस अभियान के तहत 246 व्यक्तियों को पकड़ कर पुलिस स्टेशन ले जाया गया. पुलिस टीमों ने शराब पीकर वाहन चलाने के 60 चालान और अन्य 77 चालान किए. इस दौरान 2 आरोपियों को 3 हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया. रोहतक पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा.

ड्रिंक-ड्राइव पर रोहतक पुलिस की की कार्रवाई: रोहतक के सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष यादव ने बताया कि "जिला में सभी पुलिस स्टेशन के प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे. जिसके बाद जिला भर में नाकेबंदी की गई. इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया. निर्धारित समय के बाद शराब ठेके खोलने पर भी नोटिस दिए गए हैं."

434 ड्राइविंग लाइसेंस कैंसिल: सहायक पुलिस अधीक्षक ने कहा कि "सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना अपराध की श्रेणी में आता है. अभिभावकों को युवाओं पर नजर रखनी चाहिए. विशेष अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों में ज्यादा कॉलेज के विद्यार्थी थे. इसके अलावा मध्यम आयु वर्ग के लोग भी सार्वजनिक स्थानों व वाहनों में शराब पीते हुए मिले. शराब पीकर वाहन चलाने पर इस वर्ष अब तक 434 ड्राइविंग लाइसेंस कैंसिल कराए गए हैं."

नशा तस्करों पर भी पुलिस की कार्रवाई: सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष यादव ने बताया कि "रोहतक पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. रोहतक पुलिस ने उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, उड़ीसा और राजस्थान में भी नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई की है."