बिना सेफ्टी गियर गहरे गड्ढे में उतारा कर्मचारी, मिट्टी ढहने से मौत; जी.बी. इंटरप्राइजेज पर केस दर्ज
रोहतक के सांपला में बिना सुरक्षा उपकरणों के गहरे गड्ढे में काम करने के दौरान मिट्टी में दबने से कर्मचारी राजवीर की मौत हो गई। पुलिस ने कंपनी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रोहतक: सांपला थाना पुलिस ने जी.बी. इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी के खिलाफ एक कर्मचारी की मौत के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस को गांव इस्माईला 11 बी निवासी कृष्ण लाल ने बताया कि उनका 39 वर्षीय बेटा राजवीर सांपला-बेरी रोड स्थित एक प्राइवेट कम्पनी में कार्यरत था। 27 जुलाई को दोपहर उन्हें सूचना मिली कि राजवीर मिट्टी के नीचे दब गया है और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांपला ले जाया गया है। जब वह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उनके बेटे को
मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उस गड्ढे का निरीक्षण किया जहां राजवीर काम कर रहा था तथा कम्पनी परिसर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज भी देखी।
जांच दौरान उन्हें पता चला कि कम्पनी ने उनके बेटे को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के गहरे गड्ढे में काम करने के लिए उतार दिया था। काम दौरान अचानक अधिक मात्रा में मिट्टी राजवीर के ऊपर गिर गई जिससे वह दब गया और उसकी मौत हो गई।