{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Tyoda Village Kurukshetra News: चलते वाहन के बोनट से उठने लगा धुआं, देखते ही देखते धू-धू कर जली निसान टेरानो कार

कुरुक्षेत्र में एनएच-44 पर चलती कार में अचानक आग लग गई। समय रहते बाहर निकलने से कार सवार दोनों लोगों की जान बच गई।
 

कुरुक्षेत्र : दिल्ली-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रविवार दोपहर ट्योड़ा गांव के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। कार के बोनट से पहले धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद वाहन को सड़क किनारे रोक दिया गया। कुछ देर बाद दोबारा कार में बैठे ही थे कि अचानक बोनट से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि कार सवार दोनों लोग समय रहते बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के सदस्य कुलदीप सिंह निवासी रावा अपने दोस्त सतनाम सिंह के साथ पिपली की ओर जा रहे थे। ट्योड़ा गांव के पास चलते समय कार के बोनट की तरफ से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद दोनों ने कार को सड़क किनारे रोक दिया और नीचे उतरकर वाहन की जांच की। उस समय कोई बड़ी खराबी नजर नहीं आई, जिसके बाद दोनों दोबारा कार में बैठ गए।

कुछ ही देर बाद अचानक बोनट से आग की लपटें निकलने लगीं। आग तेजी से फैलने पर कुलदीप सिंह और सतनाम सिंह तुरंत कार से बाहर निकल गए। देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने भी वाहन को आग की लपटों में घिरा देखा और मौके पर रुककर आग बुझाने का प्रयास किया।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था और केवल लोहे का ढांचा ही बचा। आग बुझाने में करीब आधे घंटे का समय लगा।

2014 मॉडल की थी कार

कुलदीप सिंह के अनुसार आग की चपेट में आई कार 2014 मॉडल की निसान टेरानो थी। उन्होंने बताया कि कार चलते समय पहले बोनट की तरफ से धुआं उठता दिखाई दिया था। वाहन रोककर जांच करने के बाद जब स्थिति सामान्य लगी तो दोनों वापस कार में बैठ गए, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक आग भड़क उठी। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।हाईवे पर कुछ समय के लिए लोगों की नजरें भी आग की ओर लगी रहीं और जलती कार के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते दोनों सवारों के कार से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।