Hind Kesari Sahil Panghal: भिवानी के 19 वर्षीय साहिल पंघाल ने जीता हिंद केसरी का खिताब
भिवानी के कालूवास निवासी 19 वर्षीय पहलवान साहिल पंघाल ने 74 किलो भार वर्ग में 'हिंद केसरी' बनकर रचा इतिहास। किसान युवा क्लब ने फूल-मालाओं के साथ किया भव्य स्वागत।
भिवानी। गांव कालूवास निवासी 19 वर्षीय पहलवान साहिल पंघाल ने 74 किलोग्राम भार वर्ग में हिंद केसरी का खिताब जीतकर क्षेत्र का नाम पूरे देश में रोशन किया है। इस उपलब्धि के बाद रविवार को स्थानीय बड़ चौक स्थित किसान युवा क्लब मुख्यालय पहुंचने पर साहिल पंघाल का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। स्वागत समारोह का नेतृत्व किसान युवा क्लब के संस्थापक राकेश बेनीवाल ने किया।
राकेश बेनीवाल ने कहा कि पूरे भिवानी और हरियाणा के लिए यह ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पल है। उन्होंने कहा कि महज 19 वर्ष की उम्र में साहिल पंघाल ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और मजबूत इरादों के दम पर हिंद केसरी जैसा प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सुरेश पंघाल के पुत्र साहिल ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों के साथ गांव की मिट्टी से निकलकर भी देश के बड़े मंच पर पहचान बनाई जा सकती है।
बेनीवाल ने कहा कि साहिल की यह उपलब्धि केवल एक खिताब तक सीमित नहीं है बल्कि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। किसान युवा क्लब हमेशा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का कार्य करता रहा है।
उन्होंने कहा कि साहिल जैसे खिलाड़ी इस मुहिम के प्रेरणास्रोत हैं और क्लब भविष्य में भी उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इस अवसर पर महेंद्र, सुनील, अमित, नीरज निक्कू, मनोज, सतीश ढांडा और सुधीर तंवर मौजूद रहे।