Hariram Bansal Gurgaon House: सेक्टर-23 स्थित मकान और दुकान बंद कर फरार हुआ आरोपी, पड़ोसियों ने बताई उसकी शख्सियत
गुड़गांव : दिल्ली के सत्या निकेतन में बिल्डिंग गिरने के मामले में दिल्ली पुलिस ने अब गुड़गांव में डेरा डाल लिया है। बिल्डिंग के मालिक हरीराम बंसल गुड़गांव के सेक्टर-23 के मकान नंबर 471 एफ में रहते हैं। कल घटना के बाद से वह अपने परिवार सहित दुकान व घर बंद करके यहां से फरार हैं। वहीं, दिल्ली में दर्ज हुए मामले में आरोपी हरीराम की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीम गुड़गांव में डेरा डाले हुए है। लगातार घर के आसपास चक्कर लगाने के साथ ही सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी आसपास घूम रहे हैं।
वहीं, हरीराम की दुकान भी कल से ही बंद है। दुकान पर पिछले करीब 10 साल से पेंट का सामान लेने आ रहे ठेकेदार विनोद ने बताया कि हरीराम बंसल की दुकान पर जब वह सुबह गए तो दुकान बंद थी। ऐसे में वह घर गए तो वहां भी कोई नहीं था। ऐसे में जब उन्हें दिल्ली की घटना के बारे में पता लगा तो वह दंग रह गए। उन्होंने बताया कि हरीराम स्वभाव के बेहद ही अच्छे थे। दुकान पर हरीराम के अलावा उनके पिता भी बैठते थे। वहीं, पड़ोसियों ने भी बताया कि हरीराम बेहद ही सामाजिक व्यक्ति हैं। गुड़गांव में उनके कई और भी मकान हैं, लेकिन उनके दिल्ली की इस बिल्डिंग की जानकारी उन्हें थी, लेकिन इस तरह से हादसा हो जाएगा इसके बारे में किसी को भी नहीं पता था।
आपको बता दें कि सत्या निकेतन में हुई घटना में पांच छात्रों की जान जाना बताया जा रहा है। इसके अलावा कई अन्य छात्र व लोग भी इसमें घायल हैं। वहीं, कल दोपहर को बिल्डिंग गिरने के बाद से ही रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मलबे में दबे लोगों को अस्पताल भी पहुंचाया गया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है जिसमें गुड़गांव निवासी हरीराम बंसल को आरोपी बनाया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस गुड़गांव में डेरा डाले बैठी है। वहीं, इसके लिए गुड़गांव पुलिस का भी सहारा लिया जा रहा है।