Shakkarmandori Sirsa News: कमरे में आग लगने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत, मायके पक्ष ने लगाए दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप
सिरसा : नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव शक्कर मंदोरी में रविवार को कमरे में आग लगने से विवाहिता कविता (32) की मौत हो गई। उनकी करीब 2 वर्षीय बेटी सानवी भी गंभीर रूप से झुलस गई जिनकी सोमवार को हिसार के निजी अस्पताल में इलाज दौरान मौत हो गई।
मृतका के भाई सतीश ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। 14 सितम्बर को पति संदीप उन्हें मायके से वापस ससुराल ले गया था। कविता (32) की शादी 3 मार्च 2022 को शक्कर मंदोरी निवासी संदीप के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए कविता को परेशान करता था।
भाई ने पति संदीप, सास शांति देवी, ससुर ओम प्रकाश, ननद व एक अन्य महिला पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने 20 सितम्बर को बीएनएस की धारा 3(5), 61, 80 व 85 के तहत एफ. आई.आर. दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने संदीप, ओमप्रकाश, शांति देवी, ज्योति और एक अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम व साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है।