Kalanwali Khokhar Village Crime: सिरसा में सनसनीखेज वारदात, घर में घुसकर पिता ने मारी गोली, पत्नी ने रखी ये शर्त
सिरसा : हरियाणा के सिरसा के कालांवाली के गांव खोखर में जमीनी विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. आरोप है कि पिता ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर अपने ही बेटे की गोलियां मार दीं. गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान जसवंत सिंह पुत्र जलविंदर सिंह निवासी गांव खोखर के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में मातम का माहौल है.
जसवंत सिंह पर चलाई गोलियां : सूचना मिलने के बाद कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मृतक की पत्नी जश्नदीप कौर के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. मृतक की पत्नी जश्नदीप कौर ने बताया कि उसके ससुर जलविंदर सिंह और उसके बहनोई गुरजंट सिंह निवासी कमालू पंजाब सहित 2 से 3 अन्य लोग घर में घुसे और जसवंत सिंह पर गोलियां चला दीं. गोली लगने से जसवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई. जश्नदीप कौर ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि जब तक उसके पति की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक वह अपने पति का पोस्टमार्टम नहीं करवाएगी और न ही अंतिम संस्कार करेगी.
आरोपियों की तलाश जारी : कालांवाली थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस वारदात के पीछे जमीनी विवाद समेत अन्य कारणों की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस वारदात के बाद गांव खोखर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. परिवार की ओर से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है. अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कब तक गिरफ्तार करती है और जांच में इस गोलीकांड से जुड़े और क्या तथ्य सामने आते हैं.