{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Sirsa News: कुत्ता पकड़ने गई टीम को बंधक बनाकर पीटा, नामी व्यापारी पर मारपीट का आरोप

सिरसा के सेक्टर-20 में हाई-वोल्टेज ड्रामा: मुख्यमंत्री पोर्टल की शिकायत पर कुत्ता पकड़ने गई टीम को लोगों ने बनाया बंधक। पुलिस ने मुश्किल से छुड़ाया, जांच शुरू।

 

सिरसा: मुख्यमंत्री पोर्टल पर दी गई शिकायत के आधार पर शुक्रवार शाम को सेक्टर-20 पार्ट दो में कुत्ता पकड़ने गई टीम के कर्मचारियों को बंधक बनाकर सात-आठ लोगों ने पीटा। ठेकेदार को सूचना मिली तो वह एसआई पवन कुमार व डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचे।

वहां एक घर में बंधक बनाए गए कर्मचारी को बड़ी मुश्किल से छुड़ाया। इसके बाद उसे नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। कर्मचारी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हुडा चौकी से जांच अधिकारी जसवंत ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मारपीट करने वाला शहर का एक नामी व्यापारी बताया जा रहा है। इस मामले में नगर परिषद प्रशासन ने अपनी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर में प्रतिदिन 20 के आसपास कुत्ते काटने के मामले सामने आते हैं।