{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Chandigarh Marathon 2026: सेक्टर-1 चंडीगढ़ क्लब से शुरू होगी मैराथन, विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार और विशेष किट

चंडीगढ़ में 27 सितंबर को एसके ट्राईसिटी मैराथन का आयोजन। सायना नेहवाल करेंगी शिरकत, विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार।
 

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में 27 सितंबर को एसके ट्राईसिटी मैराथन आयोजित की जाएगी. मैराथन की शुरुआत और समापन सेक्टर-1 स्थित चंडीगढ़ क्लब से होगा. इसमें 3, 10 और 21.097 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में प्रतिभागी दौड़ेंगे.

सायना नेहवाल भी होंगी शामिल: अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल भी मैराथन में प्रतिभागियों के साथ दौड़ेंगी. कार्यक्रम में चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर, मेयर सौरभ जोशी, संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा और एसके फाइनेंस के डायरेक्टर यश सेतिया भी शामिल होंगे.

टी-शर्ट और बिब लॉन्च: चंडीगढ़ प्रेस क्लब में शुक्रवार को मैराथन की टी-शर्ट और बिब लॉन्च किए गए. इस दौरान आयोजकों ने तीनों श्रेणियों के रूट और पुरस्कारों की जानकारी साझा की. आयोजक मुकेश मिश्रा सहित एसके फाइनेंस के अधिकारी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

हाफ मैराथन का लंबा रूट: चंडीगढ़ क्लब से 21.097 किलोमीटर की हाफ मैराथन शुरू होकर उत्तर मार्ग, रोज गार्डन और सुखना लेक वॉक पाथ होते हुए रेगुलेटरी एंड तक जाएगी. यहां यू-टर्न के बाद प्रतिभागी इसी रूट से वापस चंडीगढ़ क्लब पहुंचेंगे और निर्धारित दूरी पूरी करेंगे. वहीं,10 किलोमीटर की दौड़ भी चंडीगढ़ क्लब से शुरू होकर रेगुलेटरी एंड तक जाएगी और वापस लौटेगी. वहीं 3 किलोमीटर की फन रन में प्रतिभागी उत्तर मार्ग से करीब 1.5 किलोमीटर आगे जाकर यू-टर्न लेंगे और वापस चंडीगढ़ क्लब पहुंचेंगे.

विजेताओं को नकद पुरस्कार: 21 किलोमीटर दौड़ के पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम विजेता को 11 हजार, दूसरे को 7 हजार और तीसरे स्थान पर 5,100 रुपये दिए जाएंगे. 10 किलोमीटर में पहले तीन स्थानों के लिए 7,100, 5,100 और 3,100 रुपये के पुरस्कार रखे गए हैं.

रेस से पहले मिलेगा बिब और किट: प्रतिभागियों के लिए 26 सितंबर को चंडीगढ़ क्लब में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बिब एक्सपो लगाया जाएगा. इसी दौरान बिब और रेस किट दी जाएगी. आयोजकों ने कहा है कि रेस वाले दिन किट का वितरण नहीं होगा.

साइबर अपराध के खिलाफ संदेश: आयोजक मुकेश मिश्रा ने कहा कि, "मैराथन का उद्देश्य सिर्फ फिटनेस तक सीमित नहीं है. इसके जरिए युवाओं को नशे और साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूक किया जाएगा. ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत’ के जरिए ऑनलाइन ठगी और डिजिटल फ्रॉड से सतर्क रहने का संदेश दिया जाएगा. मैराथन का आयोजन संस्कृति युवा संस्था और IIEMR की ओर से एसके फाइनेंस के सहयोग से किया जा रहा है. दौड़ के माध्यम से युवाओं को फिटनेस से जोड़ने के साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति भी जागरूक किया जाएगा."