{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Crime News: सोहना के सिरमथला गांव का विवाद गहराया, सरपंच पर गंभीर आरोप लगा ग्रामीणों ने दी शिकायत

सोहना के सिरमथला गांव में पंचायत जमीन विवाद और मारपीट के मामले को लेकर ग्रामीणों ने सदर थाने पहुंचकर सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 

हरियाणा के सोहना के सिरमथला गांव में पंचायत और सरपंच की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों का भारी आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। रविवार को सरपंच और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के बाद मामला तूल पकड़ चुका है, जिसके चलते बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण सोहना सदर थाना पहुंचे और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का मुख्य आरोप है कि पंचायत की जमीन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरती जा रही हैं और कथित तौर पर पैसे लेकर जमीन को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है।

👩‍⚖️ महिलाओं के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और स्नेचिंग के आरोप

थाने पहुंचे ग्रामीणों ने सरपंच पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जमीन पर अवैध कब्जे कराए जा रहे हैं और विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट, छीनाझपटी (स्नेचिंग) तथा छेड़छाड़ जैसी घटनाएं की जा रही हैं। इसके अलावा ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गांव में जातिवाद को बढ़ावा देकर आपसी भाईचारा बिगाड़ने और लोगों को आपस में लड़ाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गहराई से जांच कर आरोपी पक्ष के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।

🔍 प्लॉट कब्जे को लेकर हुआ था विवाद, सरपंच ने साधी चुप्पी

ज्ञात हो कि रविवार को गांव में एक प्लॉट पर कब्जे को लेकर सरपंच और ग्रामीणों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें एक तरफ सरपंच व उनके भाई को चोटें आई थीं, तो वहीं दूसरी तरफ एक महिला व युवक भी घायल हो गए थे। इस मामले की जांच फिलहाल निमोठ पुलिस चौकी द्वारा की जा रही है। वहीं, जब इस पूरे मामले पर सरपंच का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो कभी अस्पताल में होने तो कभी रैली में व्यस्त होने का हवाला देकर उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।