{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुरुग्राम मेदांता अस्पताल ने जारी किया सोनम वांगचुक का हेल्थ बुलेटिन

दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की सेहत पर आया नया अपडेट। आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज।

 

गुरुग्राम : दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल स्थानांतरित किए गए जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्थिति को लेकर मेदांता अस्पताल ने ताजा हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, वांगचुक वर्तमान में गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में डॉक्टरों की विशेष टीम की निगरानी में हैं। 

डॉक्टरों के अनुसार सोनम वांगचुक के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य मानक (जैसे बीपी और पल्स) फिलहाल स्थिर हैं। भूख हड़ताल के कारण उनके शरीर में खून की तीनों प्रमुख कोशिकाओं (RBC, WBC और प्लेटलेट्स) में कमी दर्ज की गई है, जिसके लिए निरंतर मॉनिटरिंग जरूरी है।  लंबे अनशन के चलते उनके शरीर में पोटेशियम का स्तर कम पाया गया है।इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुशीला कटारिया के नेतृत्व में डॉक्टरों का एक पैनल उनके इलाज और नियमित स्वास्थ्य निगरानी में लगा हुआ है।



सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से अनशन पर थे, जिसके चलते उनका स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें पहले सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने उनके स्वास्थ्य और निजता से जुड़े अधिकारों का हवाला देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में अपनी पसंद के निजी अस्पताल में ट्रांसफर की याचिका दायर की थी।  दिल्ली हाईकोर्ट की खंडपीठ (चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया) ने स्वास्थ्य रिपोर्टों और AIIMS व सफदरजंग के डॉक्टरों की सलाह को ध्यान में रखते हुए सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने का आदेश दिया। 

अदालत ने स्पष्ट किया कि मरीज की सुरक्षा और मौलिक अधिकारों के संरक्षण के तहत यह कदम उठाया गया है।  मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए जाने के साथ ही परिसर के बाहर और भीतर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कोर्ट के निर्देशानुसार उनकी पत्नी को इलाज के दौरान उनसे मिलने और साथ रहने की अनुमति दी गई है।