{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सोनीपत: बस स्टैंड के पास एटीएम में बड़ी चोरी, गैस कटर से उड़ाए 20 लाख

सोनीपत बस स्टैंड के बाहर स्थित इंडसइंड बैंक एटीएम को चोरों ने गैस कटर से काटकर 20.17 लाख रुपये उड़ाए। सीसीटीवी पर स्प्रे डालकर वारदात को दिया अंजाम, जांच जारी।

 

सोनीपत: बस स्टैंड के बाहर स्थित इंडसइंड बैंक के एटीएम को निशाना बनाकर चोरों ने 20.17 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने देर रात गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर चोरी की. घटना का पता लगने पर हड़कंप मच गया है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची ओर जांच में जुट गई.

सोनीपत में एटीएम में सेंध: सुबह एटीएम की सफाई करने वाले कर्मचारी ने सूचना दी कि मशीन में चोरी हो गई है. इस पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की. इसके बाद पता चला कि चोरों ने आधी रात को एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखे 20,17,900 रुपये चोरी किए. मामले की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसीपी सिटी-1 अमित धनखड़, थाना प्रभारी रविंद्र दहिया तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.

आरोपियों की तलाश जारी: जांच अधिकारी रविंद्र दहिया ने बताया कि "अभी तक की जांच में सामने आया कि एटीएम में घुसे चोर ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था. आधी रात को चोर एटीएम में घुसे और इस वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने एटीएम में घुसने के बाद सीसीटीवी पर स्प्रे डाल दिया था. फिलहाल चोरों की तलाश जारी है. जानकारी अनुसार हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर विभिन्न बैंकों के एटीएम के रखरखाव का कार्य करती है. सोनीपत बस स्टैंड के बाहर स्थित इंडसइंड बैंक का एटीएम भी उनकी देखरेख में संचालित होता है.