{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सांवरिया ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली; 4 गिरफ्तार

सोनीपत के खरखौदा में सांवरिया ज्वेलर्स लूटकांड के 4 आरोपियों को सीआईए टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी सागर के पैर में गोली लगी है। जानिए पूरी खबर।

 

सोनीपत: खरखौदा में सांवरिया ज्वेलर्स पर दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए हैं. खरखौदा सीआईए की टीम ने आरोपियों की घेराबंदी की, जिसके दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी सागर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में खरखौदा के अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

सोनीपत पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़: डीसीपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि "प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात से पहले किराए पर गाड़ी लेकर इलाके की रेकी की थी. इसके बाद सांवरिया ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर दुकानदार की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे. वही मुख्य आरोपी सागर पर लूट और डकैती के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं."

चार बदमाश गिरफ्तार: डीसीपी के मुताबिक मुख्य आरोपी हरियाणा के कई जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है. आरोपी सागर और पवन गांव जागसी के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि अन्य आरोपी गांव बरोणा का निवासी है.

अवैध हथियार और लूटा सामान बरामद: गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियार और लूटा हुआ माल भी बरामद किया गया है. पुलिस अब इनसे पहले की अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है. मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि पूरे मामले का जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जाएगा. फिलहाल चारों आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है.