सोनीपत: कुंडली की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख
सोनीपत: कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में उस समय हड़कंप मच गया. जब एक इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री से उठते काले धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगे. फैक्ट्री में मिक्सर, चिमनी और चूल्हे बनाए जाते थे, जिसके चलते अंदर रखे ज्वलनशील सामग्री से आग तेजी से फैल गई.
सोनीपत में फैक्ट्री में लगी आग: राहत की बात ये रही कि आग लगते ही कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि फैक्ट्री में लगे टीन शेड दमकल विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गए, जिससे आग बुझाने के काम में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. तस्वीरें सोनीपत के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र की है, जहां एक इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया.
सोनीपत से बुलानी पड़ी दमकल की गाड़ियां: देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री से उठते काले धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगे. आग इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए. मिली जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में मिक्सर, चिमनी और चूल्हे बनाए जाते थे. फैक्ट्री के अंदर मौजूद सामान और पैकिंग सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई. आग की सूचना मिलते ही सोनीपत, दिल्ली और आसपास के जिलों से दमकल विभाग की दर्जनभर गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया.
टीन के शेड के चलते आग बुझाने में देरी: हालांकि आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. फैक्ट्री में लगे टीन शेड आग बुझाने के काम में बड़ी बाधा बने. टीन शेड के कारण पानी सीधे आग तक नहीं पहुंच पा रहा था, जिससे कई हिस्सों में आग लगातार धधकती रही. इस आगजनी की जानकारी देते हुए सब फायर ऑफिसर विनोद कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने की फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंच कर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया.
बड़ा हादसा टला: फैक्ट्री में लगे टिन शैड की वजह से आग तक पहुंचने और उसे नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. राहत की बात यह रही कि आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि प्रारंभिक तौर पर इस आगजनी में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।फायर विभाग की टीमें लगातार आग पर पूरी तरह काबू पाने में लगी हुई है और आग लगने के कारणों की गंभीरता से जांच कर रहे हैं.