{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सोनीपत: चोरी के शक में 13 साल के बच्चे को करंट दिया, वीडियो वायरल

सोनीपत के सेक्टर-15 में 13 वर्षीय किशोर के साथ दरिंदगी। चोरी के शक में दुकानदार और उसके बेटे ने करंट लगाकर पीटा। वायरल हुआ वीडियो, पढ़ें पूरी खबर।

 

सोनीपत : सोनीपत के सेक्टर-15 की हाउसिंग बोर्ड मार्केट में 13 वर्षीय किशोर को चोरी के शक में बर्बरतापूर्वक पीटा गया। एक इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान के मालिक और उसके बेटे ने किशोर के साथ थर्ड डिग्री जैसा व्यवहार किया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और दोनों पक्षों को थाने बुलाया। सेक्टर-27 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सवित ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

यह विवाद चोरी के शक के चलते हुआ। गुरुवार को किशोर ने दुकान से बाइक की एक बैटरी उठा ली थी। किशोर की मां का कहना है कि उसे मोहल्ले के अन्य लड़कों ने ऐसा करने के लिए उकसाया था। दुकानदार ने उसे बताने के बजाय उस पर जुल्म की हदें पार कर दीं। जो वीडियो सामने आया है।

इसमें आरोपी दुकानदार और उसका बेटा किशोर के हाथ पैर मरोड़ते हुए जमीन पर पटकते हुए दिख रहे हैं। इसी दौरान एक आरोपी ने दुकान में रखे (कंडेनसर) का इस्तेमाल कर किशोर को बिजली का करंट लगाया, जिससे वह दर्द से तड़पने लगा। इस दौरान किशोर जान बचाने के लिए गुहार लगाता है और कहता है मेरी मां को बुला दो। वह दर्द से कराहते हुए रोता नजर आ रहा है। मौके पर पहुंची मां ने भी उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक न सुनी। दुकानदार ने माफीनामा लिखकर दिया और बच्चे के इलाज का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।