सोनीपत: नेशनल हाईवे-44 पर दर्दनाक हादसा, टायर बदलते समय ट्रक ने कुचला
सोनीपत के गन्नौर में टायर बदलते समय तेज रफ्तार ट्रक ने तीन युवकों को मारी टक्कर। दो की मौके पर मौत, एक गंभीर। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी।
सोनीपत: सोनीपत के गन्नौर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ जब कार का पंक्चर टायर बदला जा रहा था. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
टायर बदलते समय मारी टक्कर: जानकारी के अनुसार गांव शाहपुर तगा निवासी मोहित अपनी चेचेरी बहन, बहनोई उमेश और साथी अमित के साथ समालखा से लौट रहे थे. गन्नौर के बाल भवन स्कूल के पास उनकी कार का टायर पंक्चर हो गया. कार को सड़क किनारे खड़ा कर मोहित, अमित और उमेश टायर बदल रहे थे, जबकि मोहित की बहन सुरक्षित दूरी पर खड़ी थी. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी.
दो की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल: हादसा इतना भीषण था कि मोहित और अमित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उमेश गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे: पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा.
राहगीर ने बताया आंखों देखा हाल: प्रत्यक्षदर्शी राहगीर पीटर त्यागी ने कहा, "ट्रक काफी तेज रफ्तार में था. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया."