Sonipat News: सोनीपत के सारंग रोड पर चलती इको गाड़ी बनी आग का गोला; चालक ने कूदकर बचाई जान, धूं-धूं कर जली कार
सोनीपत के सारंग रोड पर चलती हुई मारुति इको गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। चालक ने सूझ-बूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
सोनीपत : सोनीपत के सारंग रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती इको गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते गाड़ी धूं-धूं कर जलने लगी। आग लगते ही चालक ने सूझ-बूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आस-पास के लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया।
वहीं राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल गाड़ी में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।