{"vars":{"id": "123258:4912"}}

आमजन की भागीदारी से ही पूरा होगा विकसित भारत-2047 का सपना: सांसद चौ. धर्मबीर सिंह
 

- पंचायत भवन में आयोजित हुआ जनकल्याण शिविर, प्रबुद्धजन समावेशी बैठक और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन
- कार्यक्रम में दिखाई दी नए भारत के विकास की झलक
- भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक कार्यक्रम में रहे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद
 

भिवानी, 16 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को पंचायत भवन में जनकल्याण शिविर, प्रबुद्धजन समावेशी बैठक और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें नए भारत के विकास की झलक दिखाई दी। कार्यक्रम में सांसद चौ. धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि तथा भाजपा जिलाध्यक्ष विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सीटीएम अनिल कुमार भी मौजूद रहे, उन्होंने सांसद व जिलाध्यक्ष का जिला प्रशासन की तरफ से पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत मां के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की 12 साल की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। इस दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा विकासरपक प्रदर्शनी भी लगाई गई, सांसद, जिला अध्यक्ष व अन्य नागरिकों ने उत्सकुता के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सांसद ने कार्यक्रम में भारत को विकसित बनाने में अपना योगदान देने की शपथ दिलाई। वहीं विभागीय भजन मंडली ने बंदे मातरम् गीत की प्रस्तुति दी।

अपने संबोधन में सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रही है और उनकी  नीतियों से सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य जनभागीदारी से ही पूरा होगा। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक रूप से तेजी से आगे बढ़ रहा है। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 साल के शासनकाल के दौरान अभूतपूर्व विकास देखने को मिल रहा है। मात्र 12 साल में विकसित देश की मजबूत नींव रख दी गई है। देश ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। आमजन को लाभ देते हुए टैक्स की प्रक्रिया को सरल बनाया है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश रेलवे, सडक़, नेशनल हाईवे और एयर-वे के नए नेटवर्क के साथ जुड गया है, यहां तक कि रेलवे और सडक़ विभाग में प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। आज घंटों की दूरियां मिनटों में तय हो रही हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से भारत को पूर्ण रूप से विकसित बनाने में अपना योगदान देने व सभी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने सरकार की आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्य घर योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि आदि विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब वर्ग के लोगों को घर बैठे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिला रही है। सरकार अंत्योदय की भावना से काम कर रही है। आज युवाओं में नए जोश व ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान करते हुए कहा कि वे राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेवारी के साथ विकसित भारत के सपने को साकार करें। केंद्र सरकार की 12 साल की उपलब्धियों पर जिला में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संयोजक विशालजीत सिंह ने सभी मेहमानों व कार्यक्रम में मौजूद लोगों का स्वागत किया और सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
बॉक्स
कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य विभाग, डीएचबीवीएन, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, सूक्ष्म सिंचाई विभाग, रोजगार विभाग, कृषि विभाग, जिला कल्याण विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, नगर परिषद तथा अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर दिया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। डीएचबीवीएन द्वारा लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सूक्ष्म सिंचाई विभाग ने किसानों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए ड्रिप इरिगेशन, मिनी स्प्रिंकलर प्रणाली अपनाने की सलाह दी। रोजगार विभाग ने युवाओं को रोजगार, करियर काउंसलिंग, सक्षम योजना एवं विभिन्न बीमा योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। विभाग की तरफ से सात कंपनियों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने युवाओं से योग्यता के आधार पर आवेदन लिए।
क्रीड विभाग ने परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों के सुधार संबंधी जानकारी दी। जिला समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विदुर पेंशन, लाडली एवं लाडो लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में अवगत कराया। जिला कल्याण विभाग ने मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना, डॉ. बी.आर. अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना तथा डॉ. बी.आर. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
नगर परिषद द्वारा पीएम स्वनिधि एवं पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भिवानी में अब तक लगभग 11 हजार स्ट्रीट वेंडरों का पंजीकरण हो चुका है, जिनमें से 9 हजार लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल चुका है।
इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह, जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, रेखा राघव, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, केके ग्रोवर, राजेश जांगड़ा, रविन्द्र बापोड़ा, जिला सचिव नरेंद्र तालू, लवकेश बंटी, पिंकी नागर, अनुश्री, सज्जन कौर, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष अशोक बिडलान, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, दिनेश वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा, जिला मीडिया सह प्रभारी नितिन भारद्वाज, मामनचंद अग्रवाल, सूर्या प्रताप, दिनेश जांगड़ा, अशोक यादव, दिनेश जांगड़ा, अनिल अग्रवाल, अनीश ग्रोवर, मास्टर मुंशी राम, जगबीर के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व गणमान्य नागरिक मौजद रहे।