{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Roadways News: 3 फुट गहरे पानी में बंद हुआ हरियाणा रोडवेज बस का इंजन, खनौरा के ग्रामीणों ने टोचन कर बचाई 50 यात्रियों की जान

टोहाना-खनौरा रोड पर जलभराव में फंसी हरियाणा रोडवेज की बस। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से टोचन कर 50 यात्रियों को सुरक्षित निकाला।
 

टोहाना : चंडीगढ़ से फतेहाबाद जा रही हरियाणा रोडवेज की बस बुधवार को टोहाना-खनौरा रोड पर बने रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे करीब 3 फुट गहरे पानी में फंस गई। बस में लगभग 50 सवारियां थीं। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ और मदद से बस को ट्रैक्टर के जरिए टोचन कर बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने बस चालक पर लापरवाही के आरोप के आरोप लगाकर कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने कहा कि बस चालक जान बुझकर बस को इस अंडरब्रिज के नीचे से निकालते है जबकि यहां पानी भरा रहता है, बुधवार को यहां तीन बसे फंसी है जिन्हें ग्रामीणों ने निकाला है। सरकार को पानी की निकासी के इंतजाम करने चाहिए।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा राज्य परिवहन की फतेहाबाद डिपो की बस संख्या चंडीगढ़ से टोहाना होते हुए फतेहाबाद के लिए निकली थी। दोपहर करीब पांच बजे जब बस टोहाना से फतेहाबाद के लिए निकली थी जो खनौरा रोड के बीच बने अंडर ब्रिज से गुजर रही थी, तो वहां पहले से भरा पानी का अंदाजा न होने के कारण चालक बस को अंदर ले गया। देखते ही देखते बस का इंजन बंद हो गया और वह 3 फुट गहरे गंदे पानी में फंस गई।  

बस में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत करीब 50 यात्री सवार थे। पानी बस के फर्श तक पहुंचने लगा तो यात्रियों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही आसपास के गांव खनौरा के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत एक ट्रैक्टर मंगवाया और लोहे की तार से बस को बांधकर टोचन शुरू किया। करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद बस को पानी से बाहर निकाला जा सका।  

इस दौरान कुछ यात्री बस से उतरकर पैदल ही पानी से बाहर आए। ग्रामीणों ने महिलाओं और बच्चों को पहले सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे के बाद यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि अंडर ब्रिज में पानी भरने पर बैरिकेड और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो। ग्रामीणों की मदद से टला बड़ा हादसा। गांव खनोरा के सरपंच जगसीर ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि बारिश के दिनों में गंदा पानी इस अंडर ब्रिज में जमा हो जाता है जिसके चलते लोगों को परेशानियो का सामना करना पड़ता है प्रशासन को इसके लिए निकासी के इंतजाम करने चाहिए ताकि दोबारा ऐसी घटना ना हो।