Tosham School News: तोशाम के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की SIR ड्यूटी से पढ़ाई प्रभावित, बस्ते छोड़कर खेल रहे बच्चे
कैरू। तोशाम विधानसभा क्षेत्र में शिक्षक एसआईआर के काम में व्यस्त हैं जिससे सरकारी स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षक मतदाता सूची से जुड़े काम में दिनभर व्यस्त रहते हैं जबकि उनकी गैरमौजूदगी में बच्चे कक्षाओं में बस्ता छोड़कर मस्ती करते नजर आ रहे हैं।
करीब एक माह से शिक्षक एसआईआर कार्य में जुटे हैं। बीएलओ की ओर से संबंधित मतदाताओं को नोटिस वितरित किए जा रहे हैं। जिन मतदाताओं के एसआईआर में समस्या सामने आई है उनके नोटिस निकालकर दोबारा वोट अपडेट किए जा रहे हैं। निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के लिए सभी बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अब शिक्षकों से बीएलओ और वालंटियर के रूप में भी कार्य कराया जा रहा है।
बदल गई बच्चों की दिनचर्या, पढ़ाई का नहीं कोई शेड्यूल
एसआईआर ड्यूटी के कारण सरकारी स्कूलों में बच्चों की दिनचर्या बदल गई है। पढ़ाई का नियमित शेड्यूल भी प्रभावित हुआ है। राजकीय विद्यालय देवराला के शिक्षक प्रदीप ने बताया कि निश्चित रूप से शैक्षणिक कार्य प्रभावित हुआ है। एसआईआर में ड्यूटी लगने के बाद शिक्षण व्यवस्था पर इसका और अधिक असर पड़ा है।
पाठ्यक्रम दोहराने के निर्देश दिए जा रहे
सरकारी स्कूलों में अधिकांश शिक्षक एसआईआर ड्यूटी कर रहे हैं। ऐसे में स्कूल में मौजूद शिक्षक अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ा रहे हैं। पहले कराया गया पाठ्यक्रम दोहराने के निर्देश दिए जा रहे हैं लेकिन शिक्षकों की कमी से आगे का पाठ्यक्रम पूरा कराने का काम प्रभावित हो रहा है। जिन कक्षाओं में शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं वहां बच्चे शोरगुल करते हुए समय बिताकर घर लौट रहे हैं। राजकीय पाठशाला देवराला के शिक्षक संदीप ने बताया कि एसआईआर में ड्यूटी लगने के बाद सुबह से देर शाम तक पूरा समय इसी कार्य में बीत रहा है।
एसआईआर की ड्यूटी शिक्षकों के लिए अनिवार्य है। सभी विद्यालय मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित ना होने दे और अन्य शिक्षकों के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई जारी रखें। यह व्यवस्था लगभग दो महीने के लिए है। एसआईआर का कार्य समाप्त होने के बाद शिक्षकों को इस अतिरिक्त दायित्व से राहत मिल जाएगी।