{"vars":{"id": "123258:4912"}}

तोशाम की निरंजना पूनिया ने नेशनल जिम्नास्टिक्स में जीता गोल्ड, ओडिशा में लहराया परचम

हरियाणा के तोशाम की युवा खिलाड़ी निरंजना पूनिया ने भुवनेश्वर में आयोजित सीनियर नेशनल आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

 

तोशाम। गांव भारीवास निवासी युवा जिम्नास्ट निरंजना पूनिया ने भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित जीएफआई सीनियर नेशनल आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप में व्यक्तिगत उपकरण बैलेंसिंग बीम श्रेणी में स्वर्ण पदक हासिल किया है। यह प्रतियोगिता 25 अप्रैल से तीन मई तक आयोजित की गई थी।

निरंजना का सीनियर वर्ग में यह पहला ही वर्ष था। इसके बावजूद वह चैंपियनशिप में सबसे कम उम्र की प्रतिभागियों में से एक रही और उन्होंने अनुभवी तथा वरिष्ठ खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वर्ष 2025 में भी उन्होंने इसी उपकरण पर जीएफआई नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। निरंजना ने वर्ष 2018 में फरीदाबाद के कोच नवीन सैनी के मार्गदर्शन में जिम्नास्टिक्स की शुरुआत की थी।