Bhiwani News: तोशाम-लोहारू मार्ग पर जूई कैनाल की पुलिया टूटी; 10 गांवों का संपर्क कटा, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
तोशाम से लोहारू मार्ग पर बडदू पूर्ण और बडदू धिरजा के बीच जूई कैनाल नहर की पुलिया टूटने से 8-10 गांवों का आवागमन ठप हो गया है। स्कूली बच्चों और किसानों को हो रही भारी परेशानी। ग्रामीणों ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है।
ढिगावा मंडी। तोशाम से लोहारू को जोड़ने वाले मार्ग पर बडदू पूर्ण और बडदू धिरजा गांव के बीच जूई कैनाल नहर पर बनी पुलिया टूट जाने से करीब आठ से दस गांवों के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो गया है और लोगों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ रहा है।
पूर्व सरपंच ओमप्रकाश ने बताया कि पुल टूटने के कारण स्कूली बच्चों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। वहीं भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान मेवा सिंह आर्य ने कहा कि किसानों को खेतों में आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से तोशाम क्षेत्र के करीब आठ से दस गांवों के लोग लोहारू और ढिगावा कस्बे में आते-जाते हैं लेकिन अब उन्हें आसपास के गांवों से होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसे दोनों का नुकसान हो रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही संबंधित अधिकारियों ने समाधान नहीं किया तो वे नहर में मिट्टी डलवाकर अस्थायी रास्ता निकालने को मजबूर होंगे। इस मौके पर आजाद सिंह भूगंला, मास्टर रामकुमार, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश और किसान नेता सुमेर सिंह मौजूद रहे।