Haryana : हरियाणा के स्कूलों में जल्द भरे जाएंगे शिक्षकों के रिक्त पद, नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले होगी भर्ती
Haryana : हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा का कहना है कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों को भर लिया जाएगा। ये पद नियमित भर्ती के अलावा प्रमोशन से भी भरे जाएंगे।
वहीं बड़ी संख्या में कौशल रोजगार निगम के जरिए भी कांट्रेक्ट पर शिक्षकों की भर्ती होगी। ढांडा बुधवार को विधानसभा में कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा, मनदीप सिंह चट्ठा व बलवान सिंह दौलतपुरिया के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे।
HPSC को भेजी जा चुकी है डिमांड
उन्होंने कहा कि विभिन्न विषयों के स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) के 4780 पदों को भरने की डिमांड हरियाणा लोक सेवा आयोग को भेजी जा चुकी है। आयोग 1704 पदों की भर्ती कर चुका है।
शिक्षा विभाग नियुक्ति-पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। पीजीटी के 4550 रिक्त पदों को पदोन्नति कोटे से भरने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। टीजीटी के 3427 पदों को भरने के लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम को मांग-पत्र भेजा है।
पूर्व सीएम ने उठाया स्कूलों की मनमानी का मुद्दा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्राइवेट स्कूलों की मनमानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूल फीस और किताबों में मनमानी कर रहे हैं। सरकार का प्राइवेट स्कूलों पर कंट्रोल नहीं है। मनमर्जी की फीस वसूल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते गरीब आदमी शिक्षा से दूर हो रहा है। राजकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी के साथ कोई सुविधा नहीं है। मजबूरी में लोग कर्जा लेकर अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ा रहे हैं।
चिराग योजना पर भी उठे सवाल
इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि चिराग योजना के तहत प्राइवेट स्कूल गरीब बच्चों को दाखिला देने में आनाकानी करते हैं। इससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है। शिक्षा मंत्री ने जवाब दिया कि 1.80 लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चों को दाखिला दिया जा रहा है।
योजना में कक्षा 2 से 5 तक प्रति छात्र 700 रुपये, कक्षा 6 से 8 तक 900 और कक्षा 9 से 12 तक 1100 रुपये प्रतिमाह मान्यता प्राप्त स्कूलों को भुगतान किया जाता है। वर्ष 2022-23 से 22024-25 तक 2925 विद्यार्थियों को प्राइवेट स्कूलों में दाखिला दिया है। वहीं 2025-26 में 700 प्राइवेट स्कूलों ने 34 हजार सीटें दर्शाई हैं।