{"vars":{"id": "123258:4912"}}

यमुनानगर सड़क हादसा: बस-बोलेरो की भीषण टक्कर में बिजली निगम के SDO की मौत

बिलासपुर-साढौरा मार्ग पर ओवरटेक के दौरान प्राइवेट बस और सरकारी बोलेरो में आमने-सामने की टक्कर। बिजली निगम के SDO विकास बंसल की मौत, कई यात्री घायल।

 

यमुनानगर : यमुनानगर जिले के बिलासपुर-साढौरा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसमें बिजली निगम के एसडीओ की मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हादसा लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास उस समय हुआ जब एक सरकारी बोलेरो और एक प्राइवेट बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्राइवेट बस जगाधरी से बिलासपुर की ओर आ रही थी, जबकि सरकारी बोलेरो साढौरा से जगाधरी की तरफ जा रही थी। 


बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरकारी बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। हादसे में बिजली निगम के एसडीओ विकास बंसल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए बिलासपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें यमुनानगर रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिससे विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। 

वहीं बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आई हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारु कराया पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर मार्ग को खुलवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान हादसा होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।