Yamunanagar Jail Bharo Andolan: जगाधरी अनाज मंडी पुलिस छावनी में तब्दील, संयुक्त किसान मोर्चा ने खोला मोर्चा
यमुनानगर की जगाधरी अनाज मंडी में अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों ने किया प्रदर्शन। 'जेल भरो आंदोलन' के तहत किसानों ने दीं गिरफ्तारियां।
यमुनानगर : यमुनानगर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसानों का गुस्सा सड़क पर उतर आया है। संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप के आह्वान पर किसानों ने जगाधरी की अनाज मंडी में जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद किसानों ने जेल भरो आंदोलन के तहत अपनी गिरफ्तारियां दीं।
प्रदर्शन को देखते हुए जगाधरी अनाज मंडी के गेट को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। हालात पर नजर रखने के लिए डीएसपी रजत गुलिया और राजीव मिगलानी भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को हिरासत में लिया और बसों में भरकर पुलिस लाइन ले गई। किसानों का आरोप है कि अमेरिका ट्रेड डील का असर सीधे तौर पर खेती और किसानों की आमदनी पर पड़ सकता है। इसी के विरोध में किसानों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की और सरकार से किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।
जगाधरी अनाज मंडी में सुबह से ही किसानों का जुटना शुरू हो गया था। संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप के बैनर तले किसान अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने भी एहतियात के तौर पर मंडी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। किसानों ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर अपने हितों से समझौता नहीं करेंगे। जेल भरो आंदोलन के तहत किसानों ने गिरफ्तारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें बसों में बैठाकर पुलिस लाइन पहुंचाया।यमुनानगर जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
यह तानाशाही सरकार है, किसानों को राजघराने के घर मजदूरी करने को मजबूर कर रही है। सुभाष गुर्जर ने साफ चेतावनी दी कि अगर किसानों को अपने हक के लिए सड़क पर भी उतरना पड़ा, तो किसान उससे भी पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल किसानों की गिरफ्तारियों के बाद पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अब सवाल यह है कि अमेरिका ट्रेड डील को लेकर किसानों का यह विरोध आने वाले दिनों में कितना बड़ा रूप लेता है और सरकार किसानों की मांगों पर क्या रुख अपनाती है। यमुनानगर में किसानों के इस प्रदर्शन ने एक बार फिर सरकार और किसान संगठनों के बीच टकराव की तस्वीर सामने ला दी है।