Yamunanagar News: बारिश ने फेरा किसानों की मेहनत पर पानी, गेहूं की फसल बर्बाद
यमुनानगर में दो दिनों की बारिश से गेहूं की पकी फसल को भारी नुकसान। दाने काले पड़ने और सिकुड़ने का खतरा। किसान नेता संजू गुंदियाना ने सरकार से की मुआवजे की मांग।
यमुनानगर : यमुनानगर में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी पकी हुई गेहूं की फसल को भारी नुकसान होने की खबरें मिल रही हैं। किसान बेहद परेशान और चिंतित नजर आ रहे हैं, क्योंकि यह वही समय है जब फसल कटाई के लिए तैयार होती है।
दाने काले पड़ने और सिकुड़ने का बढ़ा खतरा
किसान नेता संजू गुंदियाना का कहना है कि इस बेमौसम बारिश की वजह से गेहूं के दाने काले पड़ने और सिकुड़ने का खतरा बढ़ गया है, जिससे उनकी फसल की गुणवत्ता और बाजार में मिलने वाला दाम दोनों प्रभावित होंगे। किसानों के मुताबिक यह नुकसान सीधे उनकी सालभर की मेहनत और आमदनी पर असर डालता है। फिलहाल किसान सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं और जल्द से जल्द सर्वे कर नुकसान का आकलन करने की अपील कर रहे हैं। अब देखना होगा कि सरकार इस गंभीर स्थिति पर क्या कदम उठाती है।